India

पीएम मोदी के मलेशिया दौरे पर अहम मुद्दों पर बातचीत की उम्मीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7-8 फरवरी 2026 को मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान उनकी मलेशियाई प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम के साथ कई अहम मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है। भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह दौरा मलेशिया के प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर हो रहा है।

यह पीएम मोदी की मलेशिया की तीसरी यात्रा होगी और अगस्त 2024 में भारत-मलेशिया संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिए जाने के बाद उनकी यह पहली यात्रा होगी। दौरे के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। साथ ही पीएम मोदी भारतीय समुदाय, तथा उद्योग और व्यापार प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। यात्रा के साथ ही 10वां भारत-मलेशिया सीईओ फोरम आयोजित होने की भी जानकारी दी गई है।

भारत और मलेशिया के रिश्ते ऐतिहासिक, सभ्यतागत और सांस्कृतिक जुड़ाव पर आधारित रहे हैं। मलेशिया में 29 लाख से अधिक भारतीय प्रवासी समुदाय की मौजूदगी इन संबंधों को और मजबूती देती है, जिसे दुनिया के सबसे बड़े प्रवासी समुदायों में तीसरा माना जाता है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-मलेशिया संबंध लगातार बहुआयामी होते जा रहे हैं। पीएम मोदी की यह यात्रा दोनों नेताओं को व्यापार-निवेश, रक्षा, सुरक्षा व समुद्री सहयोग, डिजिटल और वित्तीय तकनीक, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और जन-संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समग्र समीक्षा का अवसर देगी। साथ ही, पारस्परिक लाभ के लिए भविष्य की नई सहयोग रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *