India

रामसर मान्यता पर सीएम योगी का बयान: पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत को मिली वैश्विक पहचान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एटा स्थित पटना बर्ड सेंचुरी को रामसर साइट का दर्जा मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार मान्यता मिल रही है।

पटना बर्ड सेंचुरी और छारी-ढांड को मिली मान्यता
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि एटा की पटना बर्ड सेंचुरी और गुजरात के कच्छ क्षेत्र में स्थित छारी-ढांड को रामसर सूची में शामिल किया जाना नीति, सुरक्षा और संरक्षण की निरंतर प्रक्रिया का संकेत है, जहां विकास और पारिस्थितिकी साथ-साथ आगे बढ़ते हैं।

संरक्षण संकल्प को वैश्विक सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मान्यता सतत संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन और जैव विविधता की सुरक्षा के प्रति देश की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने एटा के नागरिकों और वेटलैंड संरक्षण से जुड़े सभी हितधारकों को बधाई भी दी।

विश्व वेटलैंड दिवस से पहले हुई घोषणा
इससे पहले पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने जानकारी दी थी कि उत्तर प्रदेश के एटा जिले का पटना पक्षी अभयारण्य और गुजरात के कच्छ जिले का छारी-ढांड अब रामसर साइट्स की सूची में शामिल कर लिए गए हैं। यह घोषणा 2 फरवरी को मनाए जाने वाले विश्व वेटलैंड दिवस से पहले की गई।

भारत के रामसर नेटवर्क में जुड़ गए दो नए नाम
भूपेंद्र यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में बताया कि भारत के बढ़ते रामसर नेटवर्क में दो और स्थलों का जुड़ना उत्साहजनक है। उनके अनुसार पटना पक्षी अभयारण्य और छारी-ढांड अब प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय रामसर सूची का हिस्सा हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मान्यता जैव विविधता के संरक्षण और महत्वपूर्ण इकोसिस्टम की सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दिखाती है। उन्होंने स्थानीय समुदायों और वेटलैंड संरक्षण में जुटे सभी लोगों को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *