गणतंत्र दिवस परेड: पॉपुलर चॉइस में गुजरात बना नंबर-1, कलाकारों में जश्न का माहौल
77वें गणतंत्र दिवस समारोह के समापन के बाद कर्तव्य पथ पर परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का हिस्सा बने कलाकारों, झांकियों और मार्चिंग दलों को शुक्रवार को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। इस बार ‘पॉपुलर चॉइस’ श्रेणी में गुजरात ने लगातार चौथी बार पहला स्थान हासिल किया, जिसे लेकर गुजरात की टीम और कलाकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गुजरात की कलाकार आस्था जोशी ने कहा कि उनकी झांकी को चौथी बार सम्मान मिलना बेहद खुशी की बात है। वहीं सुरभि यादव ने इसे गर्व का क्षण बताया। सुंदरम कल्चरल ग्रुप से जुड़ी प्राची ने कहा कि लगातार चौथी बार जीत उनके लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और मेहनत का परिणाम है।
नई दिल्ली में आयोजित परेड के बाद श्रेष्ठ झांकियों और मार्चिंग दलों को अलग-अलग कैटेगरी में सम्मानित किया गया। ‘जजेज़ चॉइस’ में राज्यों की झांकियों में महाराष्ट्र को पहला, जम्मू-कश्मीर को दूसरा और केरल को तीसरा पुरस्कार मिला। मंत्रालयों की श्रेणी में संस्कृति मंत्रालय की झांकी को सर्वश्रेष्ठ चुना गया।
‘पॉपुलर चॉइस’ में राज्यों की झांकियों में गुजरात पहले, उत्तर प्रदेश दूसरे और राजस्थान तीसरे स्थान पर रहे। मंत्रालयों में शिक्षा मंत्रालय की झांकी को पहला पुरस्कार मिला।
मार्चिंग दलों की बात करें तो सेवाओं में भारतीय नौसेना को ‘जजेज़ चॉइस’ और असम राइफल्स को ‘पॉपुलर चॉइस’ में सर्वश्रेष्ठ चुना गया। वहीं CAPF श्रेणी में दिल्ली पुलिस को ‘जजेज़ चॉइस’ और CRPF को ‘पॉपुलर चॉइस’ में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संजय सेठ ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में कर्तव्य पथ पर झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और “वंदे मातरम्” की गूंज के साथ देश की विविधता का उत्सव दिखा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प की झलक भी परेड में नजर आई और कलाकारों के जरिए प्रस्तुत कार्यक्रम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का प्रभावी उदाहरण बने।

