एस. जयशंकर की सोमालिया के विदेश मंत्री अब्दिसलाम से मुलाकात, बहुपक्षीय सहयोग पर सहमति
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में सोमालिया के विदेश मंत्री अब्दिसलाम अली से मुलाकात की। बातचीत में व्यापार, क्षमता निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कांसुलर मामलों और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
एक्स पर दी जानकारी
मुलाकात के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीर साझा करते हुए कहा कि अब्दिसलाम अली से मिलकर खुशी हुई और दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर सार्थक व सकारात्मक बातचीत हुई।
बढ़ते द्विपक्षीय जुड़ाव पर फोकस
यह बैठक ऐसे समय में हुई जब भारत अफ्रीका, खासकर हॉर्न ऑफ अफ्रीका क्षेत्र में अपनी कूटनीतिक सक्रियता बढ़ा रहा है। विदेश मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यह मुलाकात भारत और सोमालिया के बीच रणनीतिक तथा बहुपक्षीय संपर्क को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम है। अब्दिसलाम अली भारत दौरे पर हैं और यात्रा के दौरान कई द्विपक्षीय व बहुपक्षीय मुद्दों पर भारतीय पक्ष से संवाद कर रहे हैं।
लीबिया के विदेश मंत्री से भी बातचीत
इसी दिन जयशंकर ने लीबिया के विदेश मंत्री एल्ताहर एस एम एल्बाउर से भी मुलाकात की। इस बैठक में व्यापार, इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ।
शांति और स्थिरता पर भारत की बात
जयशंकर ने एल्बाउर के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने लीबिया की मौजूदा स्थिति पर ब्रीफिंग के लिए आभार जताया और क्षेत्र में शांति व स्थिरता के लिए संवाद व कूटनीति को जरूरी बताते हुए भारत का रुख दोहराया।
भारत-अरब विदेश मंत्रियों की बैठक
राष्ट्रीय राजधानी में भारत-अरब विदेश मंत्रियों की दूसरी बैठक आयोजित हो रही है। इसमें भाग लेने के लिए लीबिया, सोमालिया समेत कई देशों के विदेश मंत्री शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे हैं। बैठक के इतर विभिन्न देशों के प्रतिनिधि जयशंकर के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने लीबिया के विदेश मंत्री के स्वागत से जुड़ी पोस्ट में कहा कि उनकी भागीदारी और नई दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में सकारात्मक गति देंगे।

