PM मोदी: भारत-ईयू ट्रेड डील ‘गेमचेंजर’, रोजगार बढ़ाने में होगी मदद
पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) के फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को “परिवर्तनकारी” बताते हुए कहा कि इससे भारतीय बाजारों का दायरा बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर बनेंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-ईयू ट्रेड डील पर एक लेख लिखा है और यह समझौता ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत-ईयू FTA का सफल समापन एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने इसे यूपीए दौर से अलग बताते हुए कहा कि पहले कई समझौते जल्दबाजी में हुए, जिनमें भारत ने कई बार अपेक्षा से अधिक त्याग किया।
गोयल के मुताबिक, यूरोपीय संघ के साथ यह व्यापार समझौता अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों को मजबूती देगा और समृद्धि को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व और रणनीतिक दूरदर्शिता में हुआ यह समझौता भारत के मूल हितों को प्राथमिकता देता है—यह बाजार विस्तार, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को गति देने वाला है।
इससे पहले गोयल ने कांग्रेस की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह समझौता एकतरफा नहीं, बल्कि पारस्परिक लाभ पर आधारित है, जो भारत की आर्थिक प्रगति को तेज करेगा और कारोबार व नागरिकों के लिए नए अवसर खोलेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि यह समझौता आर्थिक रिश्तों को और गहरा करेगा और भारत-यूरोप साझेदारी को मजबूत बनाते हुए लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने इसे भारत का अब तक का सबसे बड़ा मुक्त व्यापार समझौता बताते हुए कहा कि इससे 1.4 अरब भारतीयों को लाभ मिलेगा।
पीएम के अनुसार, समझौते से किसानों और लघु उद्योगों के लिए यूरोपीय बाजारों तक पहुंच आसान होगी, विनिर्माण क्षेत्र में नए मौके बनेंगे और सेवा क्षेत्र में सहयोग को भी मजबूती मिलेगी।

