महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर अमित शाह समेत भाजपा नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की
नई दिल्ली: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई नेताओं ने शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, स्वच्छता और राष्ट्रीय एकता के संदेश को याद करते हुए कहा कि उनके विचार देश और दुनिया को आगे भी प्रेरणा देते रहेंगे।
अमित शाह ने सोशल मीडिया पर संदेश में कहा कि गांधी जी ने भाषा, क्षेत्र और जाति के बंटवारे से ऊपर उठकर स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जन-आंदोलन बनाया। उन्होंने स्वदेशी, स्वाधीनता और स्वच्छता को जोड़कर एक मजबूत भारत की कल्पना की, जो आज भी मार्गदर्शन करती है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘बापू’ का सत्यनिष्ठ जीवन, अहिंसा की दृढ़ साधना और मानवता के प्रति करुणा का संदेश दुनिया को निरंतर प्रकाश देता रहेगा। उन्होंने लोगों से गांधी जी के आदर्श अपनाकर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गांधी जी को नमन करते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर चलते हुए उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को जन-आंदोलन बनाया और देश को आज़ादी का मार्ग दिखाया। उनके विचार शांति, सद्भाव और मानवता के लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि गांधी जी के आदर्श और विचार हमेशा मार्गदर्शन करते रहेंगे और नई पीढ़ी को प्रेरित करेंगे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा पर आधारित गांधी जी के जीवन-मूल्य आने वाली पीढ़ियों को मानवता, करुणा और न्याय के रास्ते पर चलने की दिशा देते रहेंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी गांधी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार राष्ट्र की एकता, नैतिक मूल्यों और आत्मबल को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं, और उनकी शिक्षाओं में शांति व लोक-कल्याण का भाव समाहित है।

