एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम: बारिश-आंधी से तापमान गिरेगा, हवा होगी ज्यादा साफ
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 31 जनवरी और 1 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज सतही हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट के संकेत हैं, जिससे ठंड फिर बढ़ सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार 30 जनवरी को एनसीआर में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 19°C और न्यूनतम 10°C रहने का अनुमान है।
31 जनवरी को मौसम अधिक सक्रिय रहने की बात कही गई है। दिन की शुरुआत मध्यम से घने कोहरे के साथ हो सकती है, जबकि शाम और रात में बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इस दिन अधिकतम 20°C और न्यूनतम 7°C के आसपास रह सकता है।
इसी तरह 1 फरवरी के लिए भी थंडरस्टॉर्म के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। सुबह कोहरा रह सकता है और देर शाम/रात में बारिश व तेज हवा फिर से असर दिखा सकती है। इस दिन अधिकतम 18°C और न्यूनतम 12°C रहने की संभावना है। तेज हवाओं और संभावित बारिश के चलते हवा की गुणवत्ता में भी कुछ सुधार देखा जा रहा है।
AQI अपडेट: कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहतर हुई है। आया नगर और सीआरआरआई मथुरा रोड में AQI 188 (येलो जोन) दर्ज किया गया, जबकि पुसा में AQI 169 रहा। हालांकि कुछ जगहों पर प्रदूषण अभी भी गंभीर बना हुआ है—डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज (304), आरके पुरम (316), सिरीफोर्ट (314) और वजीरपुर (303) रेड जोन में दर्ज किए गए।
नोएडा में सेक्टर-62 का AQI 183 (येलो जोन) रहा, जबकि सेक्टर-125, सेक्टर-1 और सेक्टर-116 में AQI 264–267 के बीच रिकॉर्ड हुआ। गाजियाबाद के इंदिरापुरम (288), संजय नगर (217) और वसुंधरा (314) में अलग-अलग श्रेणियों में हवा की गुणवत्ता दर्ज की गई, वहीं लोनी में AQI 316 के साथ स्थिति गंभीर बनी रही।
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों में अनावश्यक रुकने से बचने, पेड़ों/बिजली के खंभों से दूर रहने और कोहरे में वाहन चलाते समय कम गति व सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है।

